मार्च 11, 2026 8:12 पूर्वाह्न

printer

पश्चिम एशिया संघर्ष: होर्मुज जलडमरूमध्‍य से जहाज़ों की आवाजाही ठप, पोत परिवहन में 80% की आई कमी

पश्चिम एशिया संघर्ष के दूसरे सप्ताह में पहुंचने के बीच होर्मुज जलडमरूमध्‍य से वाणिज्यिक जहाज़ों की आवाजाही ठप हो गई है। इस मार्ग पर पोत परिवहन में 80 प्रतिशत से अधिक कमी आई है। लगभग 150 टैंकर जलडमरूमध्‍य के बाहर खुले समुद्र में लंगर डाले खड़े हैं जिनमें अनुमानित तौर पर 16 अरब लीटर तेल भरा हुआ है। जलडमरूमध्‍य के निकट दस वाणिज्यिक जहाज़ो पर गोले या ड्रोन से हमले की खबरें हैं। फारस की खाड़ी में व्यापक जीपीएस जैमिंग से खतरा और बढ़ गया है।

हालात को देखते हुए फ्रांस ने यूरोपीय नौसैनिक पहल की है। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इस जलमार्ग पर वाणिज्यिक जहाज़ो की सुरक्षा के लिए गठबंधन बनाने की घोषणा की है। राष्ट्रपति मैक्रों ने अभियान को रक्षात्मक बताते हुए इसे यूरोपीय नेतृत्व वाले समुद्री सुरक्षा मिशन एजेनोर का आपातकालीन विस्तार बताया है। फ्रांस ने इसके लिए अपने प्रमुख विमानवाहक पोत, चार्ल्स डी गॉल को तैनात किया है। आठ फ्रिगेट और जमीन के साथ ही पानी की सतह पर सुरक्षित रूप से उतरने और उड़ान भरने वाले दो हेलीकॉप्टर बेड़े का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्रीस, साइप्रस और नीदरलैंड ने गठबंधन में भागीदारी की पुष्टि की है।

यूरोपीय देशों ने इस पहल को अमरीका द्वारा ईरान के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन एपिक फ्यूरी से अलग रखा है। अमरीका इस संघर्ष में एक प्रमुख पक्ष है, इसलिए कई यूरोपीय और खाड़ी देशों की सरकारों ने अमरीकी हमलों में प्रत्यक्ष भागीदार के रूप में देखे जाने के जोखिम से बचने के लिए फ्रांस के नेतृत्व वाले इस पहल का समर्थन करना बेहतर समझा है। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने अनुरक्षण अभियानों की घोषणा की है और समुद्री व्यापार के लिए राजनीतिक जोखिम बीमा की पेशकश की है। जलडमरूमध्य के बंद होने से वैश्विक तेल आपूर्ति बाधित होने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर दबाव दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है।