मार्च 7, 2026 9:41 अपराह्न

printer

पश्चिम एशिया में सैन्य संघर्ष का आठवां दिन, स्थिति तनावपूर्ण

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने कहा है कि पड़ोसी देशों को अब निशाना नहीं बनाया जाएगा, बशर्ते हमला वहीं से न किया जाए। श्री पेज़ेश्कियन ने हाल के दिनों में हुए हमलों के लिए पड़ोसी देशों से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों पर हमले सैन्य बलों के बीच गलत संचार के कारण हुए। उन्होंने कहा कि अमरीका की बिना शर्त आत्मसमर्पण की मांग एक सपना मात्र है। सऊदी अरब ने ईरान को चेतावनी दी है कि वह इस तरह की भ्रामक सूचनाओं पर ध्‍यान न दें।

इस बीच, पश्चिम एशिया में सैन्‍य संघर्ष के आठवें दिन भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। अमरीका-इस्राएल और ईरान ने हवाई और ड्रोन हमले जारी रखे हैं। आज तड़के ईरान की राजधानी तेहरान पर फिर हवाई हमले हुए। सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो में, तेहरान के मेहराबाद हवाई अड्डे पर लपटें देखी जा रही हैं। तेहरान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्‍सों में भी विस्‍फोट हुए हैं और धुंए के गुबार देखे जा रहे हैं। इस्राएली सेना ने तेहरान पर फिर हमले की चेतावनी दी थी।

संयुक्‍त राष्‍ट्र में ईरान के राजदूत आमिर सईद इरवानी ने कहा है कि अमरीका और इस्राएल के हवाई हमलों में अब तक एक हजार तीन सौ 32 लोग मारे गये हैं। इनमें महिलांए और बच्‍चे भी शामिल हैं। श्री इरवानी ने आरोप लगाया कि ईरान में असैन्‍य ठिकानों को जान-बूझ कर निशाना बनाया है और ईरान आत्‍मरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास जारी रखेगा।

 रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के राष्ट्रपति से फोन पर बातचीत की। इस बातचीत के दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने चल रहे संघर्ष में ईरान के सर्वोच्च नेता, वरिष्ठ अधिकारियों और नागरिकों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने रूस के इस रुख को दोहराया कि शत्रुता को तत्काल समाप्त किया जाना चाहिए और कूटनीतिक समाधान की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए। श्री पेज़ेश्कियन ने रूस को उसके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और राष्ट्रपति पुतिन को ईरान में नवीनतम घटनाक्रमों से अवगत कराया। दोनों पक्षों ने घनिष्ठ संपर्क बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।

इस बीच, अमरीकी सेंट्रल कमान ने पुष्टि की है कि पिछले सप्‍ताह ईरान में हजारों हमले किये गये और इससे भी बडे सैन्‍य अभियान चलाये जाएंगे। कमान ने कहा कि अमरीकी बलों ने ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के पहले सप्‍ताह में तीन हजार से अधिक ठिकानों पर हमले किए हैं।

    उधर, अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ कोई समझौता नहीं होगा और ईरान को बिना शर्त समर्पण करना होगा। बढ़ते तनाव के बीच, ट्रंप प्रशासन ने इजरायल को 15 करोड डॉलर से अधिक के नए हथियार बेचने के सौदे को मंजूरी दे दी है।

    आज सुबह ईरान ने जॉर्डन में स्थित अमरीकी टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस प्रणाली ने रडार घटक को कथित तौर पर नष्ट कर दिया है। इस प्रणाली का उपयोग बैलिस्टिक मिसाइलों का पता लगाने और उन्हें रोकने के लिए किया जाता है। अमरीकी अधिकारी के अनुसार यह हमला मुवफ्फक साल्टी हवाई अड्डे पर हुआ। इस रडार की अनुमानित लागत लगभग 30 करोड़ डॉलर है।

    इस बीच, लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि आज सुबह पूर्वी लेबनान में हिजबुल्‍ला के गढ नबी चिट के पास इस्राएली हवाई हमलों में 41 लोग मारे गए और 40 अन्य घायल हो गए।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला