मार्च 7, 2026 2:26 अपराह्न

printer

पश्चिम एशिया में सैन्‍य संघर्ष के आठवें दिन भी स्थिति तनावपूर्ण, अमरीका-इज़राइल और ईरान के बीच हवाई हमले जारी

पश्चिम एशिया में सैन्‍य संघर्ष के आठवें दिन भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। अमरीका-इज़राइल और ईरान ने हवाई और ड्रोन हमले जारी रखे हैं।

इस बीच, अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने इज़राइल को 15 करोड़ डॉलर से अधिक के हथियार बेचने की मंजूरी दे दी है।

आज तड़के ईरान की राजधानी तेहरान पर फिर हवाई हमले हुए। सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो में, तेहरान के मेहराबाद हवाईअड्डे पर लपटें देखी जा रही हैं। तेहरान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्‍सों में भी विस्‍फोट हुए हैं और धुंए के गुबार देखे जा रहे हैं। इज़राइली सेना ने तेहरान पर फिर हमले की चेतावनी दी थी।

संयुक्‍त राष्‍ट्र में ईरान के राजदूत आमिर सईद इरवानी ने कहा है कि अमरीका और इस्राएल के हवाई हमलों में अब तक 1 हजार 332 लोग मारे गये हैं। इनमें महिलाएं और बच्‍चे भी शामिल हैं। श्री इरवानी ने आरोप लगाया कि ईरान में असैन्‍य ठिकानों को जान-बूझ कर निशाना बनाया गया है और ईरान आत्‍मरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास जारी रखेगा।

इस बीच, अमरीकी सेंट्रल कमान ने पुष्टि की है कि पिछले सप्‍ताह ईरान में हजारों हमले किये गये और इससे भी बड़े सैन्‍य अभियान चलाये जाएंगे। कमान ने कहा कि अमरीकी बलों ने ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के पहले सप्‍ताह में तीन हजार से अधिक ठिकानों पर हमले किए हैं।

उधर, अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ कोई समझौता नहीं होगा और ईरान को बिनाशर्त समर्पण करना होगा। सोशल मीडिया पोस्‍ट में उन्‍होंने कहा कि अमरीका और उसके सहयोगी देश ईरान को विनाश से बचाने की हरसंभव कोशिश करेंगे ताकि ईरान की अर्थव्‍यवस्‍था पहले से बेहतर हो सके।

इस बीच, ईरान के राष्‍ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने कहा है कि बिना शर्त समर्पण की अमरीका की मांग ख़्वाब ही रहेगी। उन्‍होंने खाड़ी देशों में ईरान के हमलों पर खेद भी व्‍यक्‍त किया। राष्ट्रपति ने कहा कि ये हमले सेना की भीतर गलतफहमी के कारण हुए और ईरान हमले रोक देगा।

रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमिर पुतिन ने भी श्री पेज़ेश्कियन से फोन पर बात की है। रूस के राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, राष्‍ट्रपति पुतिन ने ईरान के सर्वोच्‍च नेता, वरिष्‍ठ अधिकारियों और अन्य लोगों की मृत्‍यु पर शोक व्‍यक्‍त किया। उन्‍होंने समस्या के कूटनीतिक समाधान पर ज़ोर दिया। ईरान के राष्‍ट्रपति ने रूस के समर्थन के लिए धन्‍यवाद दिया और श्री पुतिन को ताजा घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। दोनों पक्षों ने संपर्क बनाए रखने पर सहमति व्‍यक्‍त की।

इस बीच, लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी ने खबर दी है कि आज सुबह पूर्वी लेबनान में हिजबुल्‍ला के गढ़ नबी चिट के पास स्थानीय लड़ाकों की इज़राइली बलों के साथ भिड़ंत हुई।

सऊदी अरब ने आगाह किया है कि ईरान स्थिति को और बिगाड़ने के प्रयास न करे। ईरान ने इज़राइल और अमरीकी सैन्‍य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से कई हमले किए हैं। खाडी देशों के ऊर्जा केंद्रों, नागरिक ठिकानों और अमरीकी सैन्‍य केंद्रों पर भी सैकड़ों बैलेस्टिक मिसाइल और हजारों ड्रोन छोड़े गए हैं। 

इस बीच, सऊदी अरब के रक्षामंत्री ने पाकिस्‍तान के सेना प्रमुख फील्‍ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ बैठक की है। सऊदी के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि प्रिंस सुल्‍तान एयरबेस पर बैलेस्टिक मिसाइल हमले को नाकाम कर दिया गया है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला