पश्चिम एशिया क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई हैं और जान-माल का भारी नुकसान हो रहा है। इस्राइल की वायु सेना ने कहा कि उसने अमरीका के साथ संयुक्त अभियान में ईरान के 31 प्रांतों में से 24 प्रांतों पर 1,200 से अधिक मिसाइलें गिराईं। ईरान ने बहरीन, इराक, जॉर्डन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात सहित नौ देशों पर हमले किए हैं। इस्लामिक संगठन- रेड क्रिसेंट के अनुसार, अमेरिका-इजराइल के संयुक्त हमलों में ईरान में 555 लोग मारे गए हैं। सबसे घातक हमला मीनाब के एक बालिका प्राथमिक विद्यालय पर हुआ, जिसमें लगभग 180 बच्चों की जान चली गई। ईरानी सरकारी मीडिया ने बताया कि ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की पत्नी की भी हवाई हमले में लगी चोटों के कारण मौत हो गई है। इस्राइल में, एक ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल ने बेत शेमेश पर हमला किया, जिसमें नौ लोग मारे गए और 20 से अधिक घायल हो गए।
कुवैत में ईरानी हमलों में चार अमरीकी सैनिक भी मारे गए और पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। बहरीन में, सलमान औद्योगिक शहर में एक जहाज पर मिसाइल के मलबे से टकराने पर एक एशियाई श्रमिक की मौत हो गई। इराकी मीडिया और कताइब हिजबुल्लाह ने बताया कि जुर्फ-अल-सखर बेस पर हुए हमलों में दो लड़ाके मारे गए और पांच घायल हो गए। कुवैत ने कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत और 32 लोगों के घायल होने की सूचना दी।
लेबनान में, स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, हिजबुल्लाह के हमलों के बाद इस्राइल की जवाबी कार्रवाई में कम से कम 52 लोग मारे गए और 154 घायल हो गए। सरकार ने हिजबुल्लाह की सैन्य गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद ने भी पुष्टि की है कि बेरूत के दक्षिण में हुए एक हमले में उसके लेबनान सैन्य विंग के कमांडर की मौत हो गई है। वही इस्राइल ने दावा किया है कि हिज्बुल्लाह के खुफिया प्रमुख हुसैन मकलेद को बेरूत में एक सटीक हमले में मार गिराया गया है।
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने कहा कि मिसाइल और ड्रोन हमलों में मध्य पूर्व में दो बांग्लादेशी मारे गए और सात अन्य घायल हो गए। संयुक्त अरब अमीरात में, अबू धाबी के जायद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास मलबा गिरने से एक पाकिस्तानी नागरिक सहित तीन लोग मारे गए और 58 घायल हो गए।