मार्च 21, 2026 7:44 पूर्वाह्न

printer

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच सरकार का समन्वित दृष्टिकोण; देश भर में निर्बाध ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित की

पश्चिम एशिया में जारी घटनाक्रमों के बीच भारत ने समन्वित और सक्रिय दृष्टिकोण अपनाया है। विभिन्न मंत्रालयों के संयुक्त उपायों से, सरकार देश में निर्बाध ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है और साथ ही जमाखोरी, कालाबाजारी और अफरा-तफरी में खरीदारी को रोकने के लिए भी आवश्यक कदम उठा रही है।

सरकार ने इस बात पर ज़ोर दिया है कि सभी रिफाइनरियां, पर्याप्त कच्चे तेल के भंडार के साथ पूरी क्षमता से काम कर रही हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि एलपीजी का घरेलू उत्पादन लगभग 40 प्रतिशत बढ़ गया है।

मंत्रालय ने कहा कि ईंधन की कमी की कोई सूचना नहीं है इसलिए नागरिक, घबराहट में खरीदारी न करें।

मंत्रालय ने बताया कि जमाखोरी और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए देश भर में हजारों छापे मारे गए हैं और इस संबंध में सख्त कार्रवाई जारी है।

मंत्रालय ने कहा कि प्राकृतिक गैस क्षेत्र में, घरों और परिवहन के लिए प्राथमिकता के आधार पर आपूर्ति की जा रही है, जबकि औद्योगिक खपत को नियंत्रित किया जा रहा है।

मंत्रालय ने कहा कि गैस वितरण  कंपनियां, एलपीजी पर निर्भरता कम करने के लिए पीएनजी कनेक्शन को बढ़ावा दे रही हैं।

सरकार ने कहा कि पश्चिम एशिया क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। मंत्रालय ने कहा कि बंदरगाहों पर सुचारू रूप से काम जारी है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सैकड़ों नागरिकों को निकाला गया है, जबकि नागरिकों की वापसी सुनिश्चित करने के लिए भी विशेष उड़ानें संचालित की जा रही हैं। विष्णु पी एस और सौम्या शरण की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं आनंद पाठक।