जुलाई 30, 2024 7:50 अपराह्न

printer

पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर के पास आज हुई हावड़ा-मुंबई रेल दुर्घटना के बाद राहत और बचाव कार्य पूरा हो गया है

पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर के पास आज हुई हावड़ा-मुंबई रेल दुर्घटना के बाद राहत और बचाव कार्य पूरा हो गया है। चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत बड़ाबाम्बो और खरसावा रेलवे स्टेशन के बीच आज सुबह हावड़ा-मुंबई मेल की 18 बोगियों के पटरी से उतरने से दो यात्रियों की मृत्यु हो गई और 24 यात्री घायल हो गए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर संवेदना प्रकट करते हुए देश में रेल दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या पर चिंता जाहिर की।
इस बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने हादसे का जायजा लिया। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से मृतकों परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की।
इस बीच दक्षिण पूर्व रेलवे के जीएम अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि रेल दुर्घटना के बाद दक्षिण पूर्व रेलवे के टाटानगर-चक्रधरपुर रेलखंड पर रेल यातायात बाधित हो गया है। लंबी दूरी की 11 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, छह को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है और 17 ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।
शीर्ष अधिकारी यातायात बहाली कार्य की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।