पलामू पुलिस ने मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के निजी बस स्टैंड से करीब 25 लाख रुपए का 50 किलो गांजा बरामद किया है। इसके साथ ही ओडिशा के चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। इस गांजे को होली के मौके पर उत्तर प्रदेश में खपाने की कोशिश थी। पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने कहा कि गुप्त सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की और टीम को सफलता मिली। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के रहने वाले जेपी सिंह को ये तस्कर गांजा पहुंचाने जा रहे थे। इसी दौरान ये गिरफ्तार कर लिए गए।
वहीं पलामू जिले के ही लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के कोट खास से पुलिस ने चार किलो 400 ग्राम गांजा के साथ 26 लाख का टैबलेट बरामद किया। मौके से अपराधी पति-पत्नी को भी पुलिस ने अरेस्ट किया है। आरोपी पति विष्णु सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। इसके खिलाफ लेस्लीगंज थाने में दो-दो मामले दर्ज हैं।