पर्यावरण अनुकूल और टिकाऊ रेल संचालन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए रेलवे ने अहमदाबाद के साबरमती में देश की पहली तरलीकृत प्राकृतिक गैस-एलएनजी-डीजल डुअल-फ्यूल डीइएमयू ट्रेन को सफलतापूर्वक चालू कर दिया है। इस पहल के तहत 1 हजार 400 हॉर्स पॉवर डीइएमयू ट्रेन के ड्राइविंग पावर कारों को डुअल-फ्यूल सिस्टम में बदला गया है। इसमें पारंपरिक डीजल की खपत का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा एलएनजी से बदला जाएगा।
अहमदाबाद के मंडल रेल प्रबंधक, वेद प्रकाश ने कहा कि इन बदली हुई पावर कारों का 2 हजार किलोमीटर से अधिक का सफल फील्ड ट्रायल हो चुका है। ये फिलहाल बिना किसी रुकावट के नियमित यात्री सेवा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि यह नया सिस्टम पर्यावरण और आर्थिक रूप से काफी फायदेमंद है। इससे कार्बन डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन ऑक्साइड के उत्सर्जन में काफी कमी आएगी। साथ ही रेल मार्गों पर हवा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।