केंद्रीय कोयला और खान मंत्री और तेलंगाना प्रदेश भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने परिसीमन पर चेन्नई में विपक्षी दलों की बैठक को जनता में अनावश्यक डर पैदा करने के उद्देश्य से आधारहीन राजनीतिक नाटक बताया है।
श्री रेड्डी ने कहा कि केंद्र पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि परिसीमन की प्रक्रिया और नियमन को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है। उन्होंने विपक्षी दलों पर अपने भ्रष्टाचार से ध्यान हटाने के लिए भाजपा के बारे में गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया।
श्री रेड्डी ने यह भी आरोप लगाया कि ये दल राजनीतिक लाभ के लिए उत्तर-दक्षिण विभाजन को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं।
निष्पक्ष परिसीमन पर पहली संयुक्त कार्रवाई समिति की बैठक कल चेन्नई में हुई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार शामिल हुए।