ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमरीका के साथ ईरान की अप्रत्यक्ष वार्ता अब तक की सबसे गहन और लंबी वार्ताओं में से एक है।
श्री अराघची ने कल ईरान के सरकारी टेलीविजन को दिए एक साक्षात्कार में यह बात कही। उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी लेकिन कहा कि ईरान की ओर से जो होना चाहिए, उसे स्पष्ट रूप से बता दिया गया है।
अमरीका ने अभी तक वार्ता पर कोई टिप्पणी नहीं की है। व्हाइट हाउस ने टिप्पणी के अनुरोध पर तत्काल कोई जवाब नहीं दिया।
ईरान और अमरीका ने कल तेहरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर घंटों अप्रत्यक्ष वार्ता की, लेकिन बिना किसी समझौते के वार्ता समाप्त हो गई।
ओमान के विदेश मंत्री बदर अल-बुसैदी ने बिना कोई विस्तृत जानकारी दिए कहा कि वार्ता में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। श्री अल-बुसैदी ने कहा कि तकनीकी स्तर की वार्ता अगले सप्ताह अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के मुख्यालय वियना में जारी रहेगी।
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर लगाम लगाने के लिए एक समझौते की मांग कर रहे हैं और अमरीका ने इस क्षेत्र में विमानों और युद्धपोतों का एक विशाल बेड़ा तैनात कर दिया है, जिसके चलते क्षेत्र में तनाव चरम पर है।
दूसरी ओर, वार्ता समाप्त होने से ठीक पहले, ईरान के सरकारी टेलीविजन ने बताया कि तेहरान यूरेनियम संवर्धन जारी रखने के लिए दृढ़ संकल्पित है, उसने इसे विदेशों में स्थानांतरित करने के प्रस्तावों को खारिज कर दिया है और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों को हटाने की मांग की है।