पद्म पुरस्कार–2026 के लिए नामांकन इस वर्ष 31 जुलाई तक खुले हैं। पुरस्कार विजेताओं के नाम गणतंत्र दिवस 2026 को घोषित किए जाएंगे। नामांकन की प्रक्रिया 15 मार्च से प्रारंभ हो चुकी है। गृह मंत्रालय ने बताया है कि पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन और अनुशंसाएं केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन ही स्वीकार की जाएंगी।
पद्म पुरस्कार – पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री – देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं। ये पुरस्कार ‘उल्लेखनीय कार्य’ को मान्यता देने के लिए प्रदान किए जाते हैं और कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान और इंजीनियरिंग, लोक प्रशासन, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग जैसे सभी क्षेत्रों में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों के लिए दिए जाते हैं। जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के भेदभाव के बिना सभी व्यक्ति इन पुरस्कारों के लिए पात्र हैं।