पटना, सारण, भोजपुर और बक्सर समेत राज्य के आठ जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गयी है। केन्द्रीय जल आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार गंगा, सोन, पुनपुन, घाघरा, बूढी गंडक और कोसी नदी का जलस्तर कई स्थानों पर खतरे के निशान को पार कर गया है। सारण से हमारे संवाददाता ने बताया कि उत्तर प्रदेश सीमा के पास मांझी और बैरिया के बीच एनएच-इकतीस का एक बड़ा हिस्सा ध्वस्त हो गया है, जिससे उत्तर प्रदेश और सारण के बीच सड़क संपर्क टूट गया है। वहीं, सिताबदियारा और कुतुबपुर का भी जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क भंग हो गया है। छपरा शहर के रिहायशी इलाकों में भी धीरे-धीरे बाढ़ का पानी प्रवेश कर रहा है। साहेबगंज चौक, कचहरी रोड, शिल्पी रोड, नगर पालिका चौक, जजेज आवास, नगर निगम कार्यालय, जिलाधिकारी कार्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। जिले के बत्तीस पंचायत बाढ़ की चपेट आ चुके हैं। इस बीच, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर अधिकारियों को राहत और बचाव अभियान चलाने केे निर्देश दिये। पटना से हमारे संवाददाता ने बताया कि गंगा, सोन और पुनपुन नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी से बाढ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है।