राजधानी पटना समेत राज्य के अधिकांश भाग भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। पछुआ हवा के प्रभाव से लोगों को सुबह से ही उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले चौबीस घंटों के दौरान अधिकांश स्थानों पर तापमान बयालीस डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है। इस अवधि में छियालीस दशमलव एक डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ बक्सर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। पटना का अधिकतम तापमान तैंतालीस दशमलव पांच डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस सीजन में पटना का यह अधिकतम तापमान है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के वैज्ञानिक एस. के. पटेल ने बताया है कि अगले चौबीस घंटों के दौरान बांका, नालंदा और शेखपुरा सहित कई जिलों में भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी। वहीं, राजधानी पटना, गया और नालंदा जिलों के कुछ स्थानों पर रात में भी मौसम के गर्म रहने की सम्भावना है। विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक राज्य के मौसम में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।
इधर, राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कई स्थानों पर आज सुबह हल्की बूंदा-बांदी हुई है। हमारे संवाददाताओं ने बताया है कि अररिया, पूर्णिया और किशनगंज जिले में हल्की बूंदा-बांदी होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।