अक्टूबर 4, 2024 5:59 अपराह्न

printer

पंतनगर विश्वविद्यालय में 116वां अखिल भारतीय किसान मेला शुरू

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय उन्नत कृषि-समृद्ध किसान के संकल्प को साकार करने के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित की गई फसलों, सब्जियों और फलों की विभिन्न प्रजातियां और अनेक उन्नत कृषि तकनीकें ना सिर्फ उत्तराखंड, बल्कि पूरे देश के किसानों को फायदा पहुंचा रही हैं।

 

श्री धामी आज गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर में आज 116वांँ अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और हरेला उद्यान का वर्चुअल शुभारम्भ भी किया। श्री धामी ने कहा कि इस प्रकार के किसान मेलों से कृषकों को उन्नत बीज, पौध, कृषि यंत्र और जैविक खाद सहित कृषि से जुड़ी सभी आवश्यक वस्तुएं एक ही स्थान पर मिल जाती हैं।

 

श्री धामी ने कहा कि किसान सम्मान निधि की योजना के जरिए आज उत्तराखंड के लगभग 8 लाख से अधिक किसानों को आर्थिक संबल मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि किसान मेला निश्चित रूप से किसानों के उत्थान में अहम योगदान देगा।