पंजाब में, संगरूर जिले के कई गांवों में कथित जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर इक्कीस हो गई है, जबकि बीस से अधिक लोग अस्पतालों में हैं। कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
निर्वाचन आयोग ने घटना के संबंध में पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से रिपोर्ट मांगी है।
इस बीच, जहरीली शराब के पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए, राज्य पुलिस ने पेशेवर और वैज्ञानिक तरीके से मामले की निगरानी के लिए कानून और व्यवस्था के प्रभारी अपर पुलिस महानिदेशक गुरिंदर सिंह ढिल्लों की अध्यक्षता में चार सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया।
पटियाला रेंज के डीआइजी हरचरण सिंह भुल्लर, एसएसपी संगरूर सरताज चहल और अतिरिक्त आयुक्त (आबकारी) नरेश दुबे इसके अन्य सदस्य हैं।
इस संबंध में तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं और पुलिस ने अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। लेकिन राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों के लिए किसी वित्तीय सहायता या अन्य मदद की घोषणा नहीं की है।