पंजाब में अब बाढ़ की स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। मौसम विभाग ने राज्य के लिये अगले दिनों में बारिश की चेतावनी जारी नहीं की है। इस मानसून में पंजाब में बाढ़ से 48 लोगों की मृत्यु हुई है और 2052 गांवों के तीन लाख 87 हजार से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में है। सेना, वायु सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, सीमा सुरक्षा बल और स्थानीय लोगों ने 22 हजार से अधिक पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया है। इसके अलावा, हजारों एनसीसी कैडेट तथा केंद्रीय युवा मामलों और खेल मंत्रालय के हजारों माय भारत आपदा मित्र राहत कार्यों में सहायता कर रहें है। राज्य सरकार ने जिला विशेष की स्थिति के अनुसार कल से राज्य में सभी स्कूल कॉलेज फिर से खोलने के निर्देश दिए हैं।