पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने जालंधर में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के कार्यालय का उद्घाटन किया और पंजाब की तीन बड़ी चुनौतियों की बात कही। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से सटी सीमा क्षेत्र के कारण पंजाब आतंकवाद, संगठित अपराध और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसी तीन बड़ी समस्याओं का सामना कर रहा है। गौरव यादव ने यह भी बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद ड्रोन के जरिए सीमा पार से छोटे हथियारों की खेप भेजे जाने की घटनाओं में 400% की वृद्धि हुई है। हालांकि पुलिस पड़ोसी देश द्वारा छेड़े गए इस छद्म युद्ध का मुकाबला करने के लिए पूरी ताकत से काम कर रही है।
आगे उन्होंने कहा कि विदेशी सरगना सोशल मीडिया और व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से 18 से 30 वर्ष की आयु के युवाओं को राज्य में अपराध करने के लिए भर्ती कर रहे हैं। इनमें से अधिकांश युवा स्कूल छोड़ चुके हैं और पैसे के प्रलोभन में आकर अपराध में शामिल हो रहे हैं।