पंजाब में भारतीय सेना के दो वीरों, नायक प्रितपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह का आज उनके पैतृक निवास पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। दोनो ने कल जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों से लड़ते हुए अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान दिया था।
शोकाकुल परिवार के सदस्यों के साथ सेना और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में अन्य शोक संतप्त लोगों ने भी उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी।
भारतीय सेना ने उनके बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका साहस और समर्पण सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सैनिकों के साहस और बहादुरी को सलाम करते हुए और उनके बलिदान पर शोक व्यक्त करते हुए, उनके परिजनों को एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की।