पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने आगामी होला मोहल्ला उत्सव को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए एक विशेष पहल शुरू की है। इस पर्यावरण-अनुकूल पहल को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति का भी समर्थन प्राप्त है।
बोर्ड के सदस्य सचिव लवनीत कुमार दुबे ने आकाशवाणी संवाददाता को बताया कि श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ने भी सभी लंगर समितियों से अपील की है कि वे प्लास्टिक का उपयोग बंद कर दें और उसकी जगह स्टील या अन्य बर्तनों का इस्तेमाल करें।
आनंदपुर साहिब और कीरतपुर साहिब में 27 फरवरी से 3 मार्च तक होल्ला-मोहल्ला शुरू हो रहा है। हालांकि पंजाब में एकल-उपयोग वाले प्लास्टिक पर आधिकारिक तौर पर पहले से ही प्रतिबंध है, लेकिन बड़े समारोहों के दौरान इसका उपयोग देखा गया है।