पंजाब में, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कॉलेज में भी उन्हें याद किया जा रहा है। डॉ. मनमोहन सिंह ने हिंदू कॉलेज से शिक्षा पाई थी। अमृतसर में इस महान अर्थशास्त्री का परिवार विभाजन के बाद रहने आया था। उनके दिल में कॉलेज के लिए विशेष स्थान था, क्योंकि इसी संस्थान ने अर्थशास्त्र में उनकी रुचि पैदा की थी।
कॉलेज के प्रिंसिपल श्री संजय खन्ना ने कहा कि कल एक प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी पूर्व छात्र भाग लेकर धरतीपुत्र को श्रद्धांजलि देंगे। श्री खन्ना ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने 1951 से 53 तक यहां पढ़ाई की और अर्थशास्त्र उनका पसंदीदा विषय था।
प्रसिद्ध कृषि अर्थशास्त्री और कृषि लागत तथा मूल्य आयोग के अध्यक्ष श्री सरदारा सिंह जोहल ने डॉ. मनमोहन सिंह को बेहतरीन व्यक्ति बताया, जिसे राष्ट्र ने खो दिया है।
गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर करमजीत सिंह ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह की विनम्रता, बुद्धिमत्ता और अटूट निष्ठा लाखों लोगों को प्रेरित करती रहेगी। डॉ. सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय इस असाधारण नेता को सलाम करता है, जो सदैव हमारे राष्ट्र के गौरव और नायक बने रहेंगे।