पंजाब में कल शाम चंडीगढ के पास मोहाली में एक तीन मंजिला इमारत ढहने से दो लोगो की मौत हो गई। एक मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के ठियोग की दृष्टि वर्मा के रूप में हुई है। इस महिला को कल रात गंभीर हालत में मलबे से निकाला गया था लेकिन बाद में इसकी मृत्यु हो गई। आज सुबह एक पुरूष का शव मलबे से निकाला गया।
हमारे संवाददाता ने मोहाली के उपायुक्त विराज तिड़के के हवाले से खबर दी है कि कल शाम से बचाव कार्य जारी है। सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, और राज्य पुलिस की टीमें मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रही है।
चिकित्सा दल घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। सेना के सूत्रों के अनुसार कम से कम 15 लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान मोहाली प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं।