मार्च 18, 2025 7:18 पूर्वाह्न

printer

पंजाबः पटियाला में चार-सदस्‍यीय विशेष जांँच-दल ने पूर्व राजस्‍व मंत्री विक्रम सिंह मजीठिया से आठ घंटे तक पूछताछ की

पंजाब के पटियाला में कल चार सदस्‍यीय विशेष जांच दल ने पूर्व राजस्‍व मंत्री विक्रम सिंह मजीठिया से आठ घंटे तक पूछताछ की। उनसे मादक पदार्थों से संबंधित मामले तथा दिसम्‍बर 2021 में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत दर्ज तीन अन्‍य मामलों के सिलसिले में पूछताछ की गई।

 

    विशेष जांच दल के सदस्‍य और वरिष्‍ठ पुलिस अधिकारी वरूण शर्मा ने कल देर रात बताया कि जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है और श्री मजीठिया की संपत्ति में असामान्‍य वृद्धि पाई गई है। साथ ही इन मामलों से जुड़े कुछ वित्‍तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है। उन्‍होंने कहा कि उनके परिवार से जुड़ी कंपनियों के भारत और विदेश में संदिग्‍ध वित्‍तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है।

 

श्री शर्मा ने यह भी कहा कि बैंक खातों में जमा कुछ रकम के संबंध में भी सवाल उठे हैं, जिनके बारे में विस्‍तार से पता लगाया जा रहा है। इस मामले में चार आरोपियों में से तीन विदेश में हैं। पुलिस उनके प्रत्‍यर्पण की प्रक्रिया में है, ताकि उन्‍हें भी जांच में शामिल किया जा सके।

 

    पंजाब में शिरोमणि अकाली दल की सरकार के दौरान मंत्री रहे श्री मजीठिया पूर्व केन्‍द्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल के भाई हैं।