अमरीका और रूस के बीच नई रणनीतिक हथियार कटौती संधि- न्यू स्टार्ट की समय सीमा कल समाप्त होने के बाद अमरीका ने आज एक नए शस्त्र नियंत्रण समझौते की मांग की।
रूस ने प्रस्ताव दिया था कि दोनों पक्ष स्वेच्छा से समझौते की अवधि को एक वर्ष के लिए बढ़ा दें ताकि उत्तराधिकारी संधि पर बातचीत के लिए समय मिल सके। हालांकि, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि एक नई संधि होनी चाहिए।
अमरीका के विदेश उप-सचिव थॉमस डिनानो ने जिनेवा में निरस्त्रीकरण सम्मेलन में कहा कि न्यू स्टार्ट संधि का विस्तार, न तो अमरीका और न ही वैश्विक सुरक्षा के लिए फायदेमंद होगा। उन्होंने कहा कि संधि में खामियां थीं और इसमें चीन को शामिल नहीं किया गया था।
राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बात की और भविष्य में होने वाले परमाणु हथियार कटौती समझौते में चीन को शामिल करने का आह्वान किया। हालांकि, चीन के निरस्त्रीकरण राजदूत शेन जियान ने आज कहा कि चीन, रूस और अमरीका के साथ नई बातचीत में भाग नहीं लेगा।
2010 में हस्ताक्षरित और 2026 तक विस्तारित न्यू स्टार्ट संधि, तैनात परमाणु हथियारों और रणनीतिक वितरण प्रणालियों को सीमित करती है। यह संधि 5 फरवरी, 2011 को 10 वर्षों की मूल वैधता अवधि के साथ लागू हुई थी और बाद में इसे 5 फरवरी, 2026 तक बढ़ा दिया गया था।