दिसम्बर 30, 2024 9:15 पूर्वाह्न

printer

न्यूयॉर्क में आज से शुरू हो रही फिडे की विश्व ब्लिट्ज शतरंज चैम्पियनशिप

अंतर्राष्ट्रीय शतरंज परिसंघ- फिडे की विश्व ब्लिट्ज चैम्पियनशिप आज न्यूयॉर्क में शुरू हो रही है।

   

विश्व के नंबर 1 ग्रैंड मास्टर मैग्नस कार्लसन एक विवाद के बाद प्रतियोगिता में वापसी के लिए तैयार हैं। कार्लसन ने 2013 से 2023 तक विश्व शतरंज चैंपियन का खिताब अपने पास रखा लेकिन शुक्रवार को उन्‍होंने शासी निकाय द्वारा ड्रेस कोड उल्लंघन को लेकर प्रतिबंध के बाद टूर्नामेंट छोड़ने का ऐलान किया था।

   

कल फिडे प्रमुख अर्कडी ड्वोरकोविच ने इस घटना को खेदजनक बताते हुए शतरंज में कार्लसन की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। इसके बाद विश्व ब्लिट्ज चैंपियनशिप के लिए लचीले ड्रेस कोड नियमों के ट्रायल की घोषणा की गई।

   

ब्लिट्ज चैंपियनशिप ओपन सेक्शन में 13 राउंड और महिला सेक्शन में 11 राउंड के साथ शुरू होगी। प्रत्येक श्रेणी से शीर्ष आठ खिलाड़ी दूसरे चरण में जायेंगे। इसके बाद पारंपरिक नॉकआउट प्रारूप से चैंपियंस का निर्धारण होगा।

   

भारत के लिए, ग्रैंड मास्टर अर्जुन एरिगैसी और ग्रैंड मास्टर आर. प्रज्ञानंदा ओपन सेक्शन में खेलेंगे। महिलाओं में हंपी कोनेरू प्रतियोगिता में भाग लेंगी।