गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के दौरे पर आए न्यूजीलैंड के एक विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने आंचल पशु आहार निर्माणशाला का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पशुपालकों को डेयरी उद्योग से जुड़ी अहम जानकारियां दीं। न्यूजीलैंड सरकार की प्राइमरी इंडस्ट्री मिनिस्ट्री, न्यूजीलैंड सरकार के सलाहकार प्रोफेसर गैरी उडी और पशुचिकित्सा वैज्ञानिक प्रोफेसर निकोलस ने पशुपालकों के साथ संवाद भी किया। प्रोफेसर गैरी उडी ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य पशुओं में जीन सुधार कर किसानों को लाभ पहुंचाना है। वहीं, सहायक निदेशक, डेयरी, राजेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि न्यूजीलैंड में दुग्ध उत्पादन बड़े स्तर पर होता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार और पशुपालन मंत्री के प्रयासों से हम भी उसी पद्धति को अपनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।