जनवरी 29, 2026 6:58 अपराह्न

printer

न्यायपालिका की परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए मुख्य न्यायाधीश ने प्रौद्योगिकी आधारित प्रशासनिक पहलों की घोषणा की

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने न्यायपालिका की परिचालन क्षमता बढ़ाने और लंबित मामलों की संख्या कम करने के लिए प्रौद्योगिकी आधारित कई प्रशासनिक पहलों की घोषणा की। मुख्य न्यायाधीश ने विभिन्न उच्च न्यायालयों के साथ एक डिजिटल साझेदारी शुरू की। इस प्रणाली के अंतर्गत, निचली अदालतों और उच्च न्यायालयों के आदेश डिजिटल रूप से अपडेट किए जाएंगे और सभी अदालतों में प्रदर्शित होंगे। इससे उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय दोनों स्तर पर लंबित मामलों का एक व्यापक डेटाबेस तैयार होगा।

श्री सूर्यकांत ने प्रशासनिक उद्देश्यों के लिए एक एकीकृत ऑनलाइन भुगतान प्रणाली शुरू करने की भी घोषणा की। न्यायालय परिसर की सुरक्षा में व्यापक सुधार के लिए मुख्य न्यायाधीश ने पार्क ऑथराइजेशन रिकॉर्ड कीपर नामक एक नया ऐप शुरू किया। यह वाहनों की अनुमति और सुरक्षा प्रोटोकॉल स्वचालित करेगा। आवेदक अब ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं और ऐप से उनकी स्थिति जान सकते हैं।