नेपाल में, नवनियुक्त प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने अंतरिम सरकार के लिए पाँच नए मंत्रियों के नामों की सिफारिश की है। सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश अनिल कुमार सिन्हा को उद्योग, वाणिज्य एवं आपूर्ति मंत्रालय, विधि एवं न्याय मंत्रालय, तथा भूमि सुधार, सहकारिता एवं गरीबी उन्मूलन मंत्रालय का कार्यभार सौंपा जाएगा। शिक्षाविद् महाबीर पुन को शिक्षा और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री नियुक्त किया जाएगा। वे रोमन मैग्सेसे पुरस्कार विजेता हैं।
कृषिविद् मदन प्रसाद परियार कृषि मंत्री होंगे। वरिष्ठ जलवायु एवं कृषि विशेषज्ञ परियार, सामाजिक न्याय और समावेशिता के लिए काम करने वाली एक गैर-लाभकारी संस्था, समता फाउंडेशन के अध्यक्ष हैं। इससे पहले, उन्होंने संविधान सभा के उच्च-स्तरीय राज्य पुनर्गठन आयोग का समन्वय किया था।
वरिष्ठ पत्रकार जगदीश खरेल को सूचना एवं संचार मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया है। खरेल इमेज मीडिया ग्रुप में समाचार प्रमुख हैं। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल संगीता मिश्रा को स्वास्थ्य मंत्री नियुक्त करेंगे, जो पहले स्वास्थ्य मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव थीं।
अंतरिम मंत्रिमंडल में पहले से ही तीन मंत्री हैं। रमेशोर खनाल वित्त मंत्री, कुलमन घीसिंग ऊर्जा, जल संसाधन और सिंचाई मंत्री और ओम प्रकाश आर्यल गृह मंत्री हैं।