नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण उत्तर बिहार की प्रमुख नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। कई नदियां उफान पर हैं। केन्द्रीय जल आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार महानंदा और परमान नदी खतरे के निशान को पार कर गयी है। महानंदा नदी पूर्णिया के ढेंगराघाट में खतरे के निशान से दो सेंटीमीटर ऊपर बह रही है।
वहीं, परमान नदी का जलस्तर अररिया में खतरे के निशान से चौवन सेंटीमीटर ऊपर दर्ज किया गया। हालांकि नदी के जलस्तर में कमी देखी जा रही है। वहीं, गंडक नदी का जलस्तर गोपालगंज के डुमरियाघाट में चेतावनी स्तर को पार कर गया है। गंगा नदी के जलस्तर में पटना के दीघा घाट से भागलपुर तक लगातार बढ़ोतरी जारी है।
इधर, हमारे सीतामढ़ी संवाददाता ने बताया है कि जिले में बागमती और अधवारा समूह की नदियां उफान पर है। बागमती नदी सोनाखान और रुन्नीसैदपुर के कटौझा में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि अधवारा नदी सुंदरपुर में खतरे के निशान को पार कर गई है। इससे निचले इलाकों में जलभराव हो रहा है।