जनवरी 15, 2026 9:05 अपराह्न

printer

नेपाली कांग्रेस की नई केंद्रीय कार्य समिति की पहली बैठक, गगन कुमार थापा निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए

काठमांडू में नेपाली कांग्रेस के दूसरे विशेष आम सम्मेलन के संपन्न होने के बाद गठित नई केंद्रीय कार्य समिति की पहली बैठक हुई। इस विशेष आम सम्मेलन में गगन कुमार थापा निर्विरोध पार्टी के अध्यक्ष चुने गए। केंद्रीय चुनाव समिति के समन्वयक सीताराम केसी ने इसकी जानकारी दी।

    अध्यक्ष चुने जाने के बाद अपने संबोधन में श्री थापा ने एक ऐसी पार्टी बनाने का संकल्‍प लिया जो अपने सदस्यों के लिए गर्व और संतुष्टि का स्रोत बने।

    11 जनवरी को नेपाली कांग्रेस के पार्टी नेताओं द्वारा आयोजित विशेष आम सम्मेलन में श्री थापा के नेतृत्व में सर्वसम्मति से एक नई केंद्रीय कार्य समिति का चुनाव किया गया। पार्टी के नेताओं गगन कुमार थापा और विश्व प्रकाश शर्मा ने विशेष आम सम्मेलन आयोजित करने की पहल की थी।

    इस बीच, बुधवार को कार्यवाहक अध्यक्ष पूर्ण बहादुर खड़का की अध्यक्षता में हुई नेपाली कांग्रेस की केंद्रीय कार्य समिति की एक अलग बैठक में महासचिव थापा और विश्व प्रकाश शर्मा के साथ-साथ संयुक्त महासचिव फार्मुल्लाह मंसूर को पार्टी के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। नेपाली कांग्रेस के भीतर चल रहे आंतरिक विवाद के कारण नेतृत्व को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है, क्योंकि दोनों गुट अपने-अपने तर्कों पर अड़े हुए हैं। अब दोनों गुटों ने चुनाव आयोग से संपर्क कर अपने-अपने दावों को आधिकारिक मान्यता देने की मांग की है।