नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतवासी नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए उत्सुक हैं। आज के पहले ऐसा कभी नहीं हुआ कि जब चुनाव भी नहीं हुए हैं और दुनिया भर के देशों ने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में आमंत्रित किया है। यह भरोसा नरेन्द्र मोदी की उपलब्धियों का परिणाम हैं। उनके द्वारा शुरू की गई नई परफॉर्मेंस बेस्ड राजनीतिक के कारण ही आज उन पर देश दुनिया के लोग भरोसा करते हैं। उन्होंने रोहड़ू में आयोजित पन्ना प्रमुख सम्मेलन में कहा कि रोहड़ू वाले भी इस राष्ट्र निर्माण के इस समर्पण में अपना पूरा सहयोग दें क्योंकि जिस नेता के नाम पर आप लोग कांग्रेस के साथ खड़े रहे, उस नेता के प्रति अब कांग्रेस में भाव नहीं हैं। यह साफ़-साफ़ दिखाई दे रहा है। अपनी सरकार में कांग्रेस को हिमाचल में स्थापित करने वाले नेता को भी दो गज़ ज़मीन नहीं मिली।
जयराम ठाकुर ने कहा कि इस समय कांग्रेस में कोई चुनाव लड़ने को तैयार नहीं है। जिसे कहो वही दूसरे का नाम आगे बढ़ाकर पीछे हट जा रहा है। इसका कारण यह है कि हर किसी को अपनी करारी हार साफ़ दिख रही है। जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर हमला करते हुए कहा कि प्रदेश में दुःख की सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि आपदा से रोहड़ू में नुक़सान हुआ। सरकार राहत नहीं दे पाई है।