नीतीश कुमार मंत्रिमंडल में भाजपा कोटे से सात मंत्रियों को शामिल किया गया है। कल राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां ने राजभवन में आयोजित समारोह में नये मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनमें दरभंगा से विधायक संजय सरावगी और जाले से विधायक जीवेश मिश्रा, मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज से विधायक राजू कुमार सिंह, सीतामढ़ी के रीगा से विधायक मोती लाल प्रसाद, सारण जिले के अमनौर से विधायक कृष्ण कुमार मंटू, नालंदा जिले के बिहारशरीफ से विधायक डॉक्टर सुनील कुमार और अररिया जिले के सिकटी के विधायक विजय कुमार मंडल ने मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया। मंत्रिमंडल विस्तार के साथ राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत सदस्यों की संख्या बढ़कर छत्तीस हो गयी है। भाजपा कोटे के मंत्रियों की संख्या बढ़कर इक्कीस हो गयी है। मंत्रिमंडल में जदयू से तेरह और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा से एक मंत्री शामिल हैं।