नीति आयोग ने आज निर्यात तैयारी सूचकांक -ईपीआई 2024 जारी किया जो भारत के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में निर्यात की तैयारियों का व्यापक आकलन प्रस्तुत करता है। आज नई दिल्ली में इस अवसर पर नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने कहा कि भारत की निर्यात दिशा राज्यों और जिलों की तैयारियों को नया आकार दे रहा है। उन्होंने निर्यात अवसंरचना को मजबूत करने, लागत प्रतिस्पर्धा में सुधार करने, सुदृढ़ संस्थानों का निर्माण करने और पूर्वानुमानित और पारदर्शी नीतिगत वातावरण को बढ़ावा देने पर बल दिया। श्री सुब्रह्मण्यम ने कहा कि वैश्विक अस्थिरता के बीच दीर्घकालिक विकास, रोजगार सृजन, क्षेत्रीय असमानताएं कम करने और वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं से गहरे जुड़ाव के लिए उप-राष्ट्रीय स्तर पर निर्यात तत्परता बढ़ाना आवश्यक है।
2024 सूचकांक चार मुख्य स्तंभों पर आधारित है, जिन्हें आगे 13 उप-स्तंभों में विभाजित किया गया है। 2024 संस्करण के अनुसार, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, गुजरात, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश बड़े राज्यों में अग्रणी प्रदर्शन करने वाले राज्य हैं। उत्तराखंड, जम्मू और कश्मीर, नागालैंड, दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव तथा गोवा छोटे राज्यों, उत्तर पूर्वी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की श्रेणी में अग्रणी प्रदर्शन करने वाले राज्यों के रूप में सूचीबद्ध हैं।