नीट पेपर लीक मामले में झारखंड से लेकर बिहार तक सीबीआई जांच तेज हो गयी है। चार दिनों तक हजारीबाग में छानबीन करने के बाद सीबीआई की टीम आज शाम करीब साढ़े चार बजे ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल एहसान उल समेत दो संदिग्धों को लेकर पटना के लिए रवाना हो गयी।
सीबीआई की टीम चरही स्थित सीसीएल गेस्ट हाउस से दो गाड़ियों से निकली है। साथ में पुलिस का एक एस्कॉर्ट वाहन भी गया है। हमारे संवाददाता ने बताया कि सीबीआई की टीम दो काले ब्रीफकेस और एक आईरन बॉक्स भी अपने साथ ले गई है।
बताया गया है कि जिस बक्से से प्रश्न पत्र लीक होने की बात कही जा रही है, सीबीआई उस बक्से को साथ ले गयी है। इस बक्से में कई अहम सबूत और इलेक्ट्रॉनिक गजट होने की भी बात कही गयी है।