जनवरी 7, 2026 9:27 अपराह्न

printer

निर्वाचन आयोग 21 जनवरी से नई दिल्ली में आईआईसीडीईएम-2026 की मेजबानी करेगा

भारतीय निर्वाचन आयोग इस माह की 21 तारीख से नई दिल्ली में तीन दिवसीय भारतीय अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन सम्मेलन-आईआईसीडीईएम-2026 की मेजबानी करेगा। यह सम्मेलन भारतीय निर्वाचन आयोग के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। 
 
 
आज नई दिल्ली में सम्मेलन के बारे में मीडिया को संबोधित करते हुए, आईआईसीडीईएम के महानिदेशक राकेश कुमार वर्मा ने कहा कि सम्मेलन में समावेशी, शांतिपूर्ण, लचीले और टिकाऊ विश्व जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन चुनाव प्रबंधन निकायों के बीच अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के लिए एक मंच के रूप में कार्य करेगा, जिसका उद्देश्‍य वैश्विक चुनौतियों पर एक साझा दृष्टिकोण विकसित करना है। इस अवसर पर, श्री वर्मा ने सम्मेलन का लोगो – आईआईसीडीईएम- 2026 – का  लोकार्पण भी किया।
 
 
आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए श्री राकेश कुमार वर्मा ने कहा कि विभिन्न चुनावी प्रक्रियाओं और चुनाव प्रबंधन निकायों के समक्ष चुनौतियों पर भी चर्चा की जाएगी।
 
 
तीन दिवसीय सम्मेलन के दौरान, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ चुनाव प्रबंधन निकायों के प्रमुखों तथा अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के साथ 40 से अधिक द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। आईआईसीडीईएम-2026 चुनाव प्रबंधन और लोकतंत्र के क्षेत्र में भारत द्वारा आयोजित अपनी तरह का सबसे बड़ा वैश्विक सम्मेलन होगा। इसमें विश्व भर के चुनाव प्रबंधन निकायों का प्रतिनिधित्व करने वाले लगभग 100 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि, भारत में विदेशी दूतावासों के प्रतिनिधि और चुनाव क्षेत्र के अकादमिक विशेषज्ञ भाग लेंगे।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला