निर्वाचन आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची आज प्रकाशित कर दी। सात करोड़ 42 लाख मतदाताओं के नाम अंतिम सूची में शामिल किए गए हैं। ये सभी मतदाता आगामी विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
बिहार में विधानसभा चुनाव अंतिम मतदाता सूची के आधार पर कराए जाएंगे। राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद सात करोड़ 24 लाख मतदाताओं की मसौदा मतदाता सूची पहली अगस्त को जारी की गई थी।
मसौदा सूची में 21 लाख 53 हजार पात्र मतदाताओं के नाम फॉर्म छह के जरिए जोड़े गए थे। जांच के दौरान दावों और आपत्तियों पर विचार के बाद अयोग्य पाए गए तीन लाख 66 हजार मतदाताओं के नाम मसौदा सूची से हटाए गए हैं। इस वर्ष जून माह की शुरुआत में राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या सात करोड़ 89 लाख थी। जून और जुलाई के दौरान विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया गया और 65 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए थे। ये नाम मतदाताओं की मृत्यु, उनके अन्यत्र प्रवास और डुप्लिकेट प्रविष्टियों जैसे कारणों से हटाए गए। इसके बाद मतदाताओं से दावे और आपत्तियाँ आमंत्रित की गईं और इनका निपटारा करके मतदाता सूची में 8 लाख नए नाम जोड़े गए। परिणामस्वरूप अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 7 करोड़ 42 लाख हो गई है।