निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत मतगणना पूरी होने के बाद तमिलनाडु राज्य की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी है। नई सूची के अनुसार, मतदाताओं की संख्या जो पहले छह करोड़ 41 लाख थी, घटकर पांच करोड़ 67 लाख हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में पूर्ण निर्वाचन आयोग इस महीने की 26 और 27 तारीख को राज्य का दौरा करेगा। उन्होंने कहा कि आयोग जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और राजनीतिक नेताओं से मुलाकात करेगा। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि चेन्नई जिले में सबसे बड़ा निर्वाचन क्षेत्र शोझिंगनल्लूर विधानसभा क्षेत्र है। इसमें 5 लाख 36 हजार 991 मतदाता हैं, जबकि सबसे कम मतदाता हार्बर विधानसभा क्षेत्र में हैं, जहां 1 लाख 16 हजार 896 मतदाता हैं।
तिरुवल्लूर जिले में सबसे अधिक मतदाता हैं, जिनकी संख्या 31 लाख 57 हजार 413 है। इसके बाद चेन्नई जिले में 28 लाख 30 हजार 936 मतदाता हैं। अरियालुर जिले में सबसे कम 5 लाख 22 हजार 954 मतदाता हैं।