पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर की सुनवाई के अंतिम दिन निर्वाचन आयोग ने कहा कि प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार लगभग 6 लाख 61 हजार मतदाताओं के नाम राज्य की मतदाता सूची से हटाए जा सकते हैं। नोटिस मिलने के बावजूद लगभग 4 लाख 98 हजार मतदाता सुनवाई के लिए उपस्थित नहीं हुए। इस बीच, सुनवाई के दस्तावेजों की जांच के बाद, सूक्ष्म पर्यवेक्षकों ने लगभग एक लाख 63 हजार मतदाताओं को अयोग्य घोषित किया।
आयोग ने बताया कि लगभग 15 लाख मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन अभी लंबित है। इसके अतिरिक्त, लगभग 50 लाख मतदाताओं के दस्तावेजों को पुनः सत्यापन के लिए भेजा गया है।
इस बीच, राज्य के सभी जिला मजिस्ट्रेट को नए सूक्ष्म पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देना शुरू करने का निर्देश दिया गया है। आयोग ने कहा है कि प्रशिक्षण निर्धारित समय के भीतर पूरा हो जाएगा जिसके बाद उन्हें तैनात किया जाएगा।
अंतिम मतदाता सूची 28 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी।