निर्वाचन आयोग ने असम में विशेष संशोधन- एसआर 2026 के लिए आज अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की। इसमें राज्य के सभी 126 विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इसके अनुसार राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या 2 करोड़ 49 लाख 58 हजार 139 है।
असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, मसौदा सूची से 2 लाख 43 हजार 485 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जिसमें 2 करोड़ 52 लाख 1 हजार 624 मतदाताओं के नाम थे। विशेष संशोधन के लिए मसौदा मतदाता सूची पिछले वर्ष 27 दिसंबर को प्रकाशित की गई थी। इससे पहले, 22 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच राज्य में घर-घर जाकर सत्यापन अभियान चलाया गया।
अंतिम सूची के अनुसार, असम में अब 1 करोड़ 24 लाख 82 हजार 213 पुरुष मतदाता और एक करोड़ 24 लाख 75 हजार 583 महिला तथा थर्ड जेंडर के 343 मतदाता हैं। आयोग ने कहा है कि किसी भी शिकायत के लिए 15 दिनों के भीतर जिला मजिस्ट्रेट के कार्यालय में अपील की जा सकती है और 30 दिन के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दूसरी अपील की जा सकती है।