निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में हुए मतदान के अंतिम आंकडे जारी कर दिए हैं। तीसरे चरण में कुल 65 दशमलव छह आठ प्रतिशत मतदान हुआ। इनमें लगभग 66 दशमलव आठ नौ प्रतिशत पुरुष, 64 दशमलव चार एक प्रतिशत महिलाएं और 25 दशमलव दो प्रतिशत थर्ड जेंडर थे।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, असम में महिला मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक 85 दशमलव तीन चार प्रतिशत रही। इसके बाद पश्चिम बंगाल में 83 दशमलव शून्य एक प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया। उत्तर प्रदेश में सबसे कम 56 दशमलव शून्य एक प्रतिशत और गुजरात में 56 दशमलव पांच छह प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया। थर्ड जेंडर मतदाताओं के मामले में, गोवा में सबसे अधिक 75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इस चरण में दस राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की 93 लोकसभा सीटों पर वोट डाले गए। इनमें गुजरात की 25, कर्नाटक की 14, महाराष्ट्र की 11, उत्तर प्रदेश की 10, मध्य प्रदेश की नौ, छत्तीसगढ़ की सात, बिहार की पांच, असम तथा पश्चिम बंगाल की चार-चार, गोवा और दादरा नगर हवेली तथा दमन दीव की दो-दो सीटें हैं।
तीसरे चरण का मतदान सम्पन्न होने के साथ 20 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के दो सौ 83 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हो चुका है। इस चरण में कुल एक हजार तीन सौ 31 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे।