निर्वाचन आयोग ने मुख्य चुनाव अधिकारियों को अपने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विशेष गहन पुनरीक्षण-एस.आई.आर. के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया है। मुख्य चुनाव अधिकारियों का दो दिन का सम्मेलन आज नई दिल्ली में संपन्न हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी की उपस्थिति में की। आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा एस.आई.आर. प्रक्रिया पर प्रस्तुतियों के बाद, मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के प्रश्नों का भी समाधान किया गया।
आयोग ने राज्य और केन्द्र शासित प्रदेश में पिछले एस.आई.आर. के अनुसार मतदाताओं को अंतिम सूची में जोड़ने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को जारी निर्देशों पर हुई प्रगति की समीक्षा की।