मुख्यमंत्री नेफिउ रियो ने नागालैंड में पुराने हस्तलिखित जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्रों के डिजिटलीकरण का शुभारंभ किया है। इस अवसर पर कोहिमा में नागालैंड सरकार के सचिव अकुनु एस. मेयासे, अर्थशास्त्र और सांख्यिकी निदेशक नेइडिलहो केदित्सु और अन्य विभागीय अधिकारियों उपस्थित थे।
उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से सेवा वितरण सुव्यवस्थित तथा कुशल और सटीक डेटा प्रबंधन सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि इससे नागरिकों की आवश्यक दस्तावेजों तक पहुंच में सुधार होगा और सरकार को सूचित सार्वजनिक नीतिगत निर्णय लेने में सहायता मिलेगी।
श्री रियो ने इस बात पर बल दिया कि जन्म और मृत्यु का समय पर पंजीकरण नागरिकों की कानूनी पहचान को सुरक्षित करता है। इससे शिक्षा, रोजगार, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस जैसी आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होती है।
श्री रियो ने इस पहल के लिए अर्थशास्त्र और सांख्यिकी विभाग की सराहना की तथा नागरिकों से शीघ्र जन्म और मृत्यु का पंजीकरण कराने का आग्रह किया।
गृह मंत्रालय के अधीन भारत के रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय के निर्देशानुसार, अर्थशास्त्र तथा सांख्यिकी विभाग ने अप्रैल 2022 से राज्य भर में जन्म और मृत्यु का ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किया।
इस वर्ष जनवरी के प्रारंभ में, विभाग ने घोषणा की कि मैनुअल प्रमाण पत्र जारी करना शीघ्र ही बंद कर दिया जाएगा, और पुराने मैनुअल जन्म और मृत्यु अभिलेखों का डिजिटलीकरण किया जाएगा।
इस कदम का उद्देश्य कागजी कार्रवाई को कम करना और नागरिकों को त्वरित तथा अधिक विश्वसनीय सेवाएं प्रदान करना है। विभाग ने सूचित किया कि केवल जन्म और मृत्यु रजिस्ट्रार द्वारा जारी किए गए प्रामाणिक प्रमाण पत्र और आधिकारिक रजिस्टरों में उपलब्ध अभिलेखों का ही डिजिटलीकरण किया जाएगा।