नागर विमानन महानिदेशालय – डी.जी.सी.ए. ने एयरलाइंस के लिए टिकट रिफंड नियमों में संशोधन किया है। अब यात्री टिकट बुकिंग के 48 घंटे के भीतर कुछ शर्तों के साथ बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के हवाई टिकट रद्द कर सकते हैं या बदल सकते हैं। डीजीसीए ने कहा कि यदि यात्री बुकिंग के 24 घंटों के भीतर गलती की सूचना देता है और टिकट सीधे एयरलाइन की वेबसाइट से बुक किया गया है, तो उसी व्यक्ति के नाम में सुधार के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। यदि टिकट किसी ट्रैवल एजेंट या पोर्टल के माध्यम से खरीदा गया है तो रिफंड की जिम्मेदारी एयरलाइंस की होगी, क्योंकि एजेंट उनके अधिकृत प्रतिनिधि होते हैं। डीजीसीए ने यह भी कहा कि एयरलाइंस को रिफंड प्रक्रिया 14 कार्य दिवसों के भीतर पूरी करनी होगी।
इसके अलावा, यात्री को मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में टिकट रद्द करने के नियमों में भी बदलाव किए गए हैं। एयरलाइंस को बुकिंग के बाद 48 घंटों की अवधि के लिए ‘लुक-इन ऑप्शन’ प्रदान करने के लिए कहा गया है। डीजीसीए ने कहा कि यह सुविधा उन उड़ानों के लिए उपलब्ध नहीं होगी जिनकी प्रस्थान तिथि बुकिंग की घरेलू उड़ानों के लिए सात दिन से कम और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए 15 दिन से कम हो। बशर्ते टिकट सीधे एयरलाइन की वेबसाइट के माध्यम से बुक किया गया हो। प्रारंभिक 48 घंटे की अवधि समाप्त होने के बाद यह सुविधा उपलब्ध नहीं होगी और यात्री को संशोधन या रद्दीकरण के लिए निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा।