अक्टूबर 13, 2025 9:55 अपराह्न

printer

नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने “फेयर से फुर्सत” पहल का उद्घाटन किया

नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने “फेयर से फुर्सत” पहल का उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को हवाई किराए में उतार-चढ़ाव के तनाव से मुक्ति दिलाना है। यह योजना सरकारी स्वामित्व वाली एलायंस एयर द्वारा देश में उड़ान सेवा को आसान बनाने के लिए शुरू की गई है।
नागर विमानन मंत्रालय ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत एलायंस एयर एक निश्चित किराया पर सेवा प्रदान करेगा जो बुकिंग तिथि की परवाह किए बिना, प्रस्थान के दिन भी स्थिर रहेगा। मंत्रालय ने कहा कि इस पहल को इस वर्ष के अंत तक चुनिंदा मार्गों पर प्रायोगिक आधार पर लागू किया जाएगा, ताकि इसकी परिचालन व्यवहारिकता और यात्रियों की प्रतिक्रिया का मूल्यांकन किया जा सके।
इस अवसर पर श्री नायडू ने कहा कि “फेयर से फुर्सत” योजना उड़ान योजना के मूल सिद्धांतों के साथ पूरी तरह से मेल खाती है। उन्होंने कहा कि एलायंस एयर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विमानन के लोकतंत्रीकरण और इसे मध्यम वर्ग, निम्न-मध्यम वर्ग और नव-मध्यम वर्ग के लिए किफायती बनाने के दृष्टिकोण को आगे बढ़ा रहा है।