फ़रवरी 25, 2026 6:50 पूर्वाह्न

printer

नागरिकों का स्‍वास्‍थ्‍य सामूहिक जिम्‍मेदारी है: राष्‍ट्रपति मुर्मु

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि नागरिकों का स्‍वास्‍थ्‍य सामूहिक जिम्‍मेदारी है। उन्‍होंने कहा कि गरीब से गरीब लोगों को समय पर समुचित चिकित्‍सा सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए। राष्‍ट्रपति ने कल मुंबई के पी डी हिंदुजा अस्‍पताल में जीवन बचाना और अधिक स्‍वस्‍थ भारत बनाना विषय पर एक राष्‍ट्रव्‍यापी अभियान का शुभारंभ किया।

राष्‍ट्रपति ने अपने संबोधन में स्‍वास्‍थ्‍य के महत्‍व पर बल दिया। उन्‍होंने कहा कि सरकार ने पिछले दशक में यह सुनिश्चित करने के लिए अनेक महत्‍वपूर्ण कदम उठाए हैं कि सभी नागरिक स्‍वस्‍थ रहें और उन्‍हें उत्‍कृष्‍ट स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल सुविधा सुलभ हो। राष्‍ट्रपति ने इस संबंध में आयुष्‍मान भारत योजना, मिशन इंद्रधनुष, टीबी मुक्‍त भारत और पीएम राहत सहित अनेक सरकारी योजनाओं का जिक्र किया। उन्‍होंने कहा कि प्रौद्योगिकी और एआई अन्‍य क्षेत्रों की तरह स्‍वास्‍थ्‍य के क्षेत्र में भी महत्‍वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं तथा भविष्‍य में उनकी भूमिका और बढेगी। इसलिए हमें इसके लिए भी तैयार रहना चाहिए। श्रीमती मुर्मु ने कहा कि सरकार नवाचार और नई प्रौद्योगिकियों को व्‍यापक रूप से अपनाने के लिए अनुकूल पारिस्थितिकी तैयार कर रही है। उन्‍होंने कहा कि इंडिया एआई मिशन एआई सक्षम स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल में नवाचार को समर्थन दे रहा है।

राष्‍ट्रपति महाराष्‍ट्र के दो दिन के दौरे पर कल मुंबई पहुंची। राष्‍ट्रपति आज राष्‍ट्रीय आरोग्‍य मेले का उद्घाटन करेंगी। यह मेला आयुष मंत्रालय ने बुल्‍ढाना जिले के शेगांव में आयोजित किया है। वे राज्‍य स्‍तरीय पहल एकता और विश्‍वास के जरिए महाराष्‍ट्र का स्‍वर्ण युग के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगी। इसका आयोजन नागपुर में ब्रह्मा कुमारी समाज ने किया है।