जुलाई 28, 2025 9:17 अपराह्न

printer

नाइजीरिया के उत्तरी ज़मफ़ारा राज्य के गांव से अपहरण किए गए लगभग 38 लोगों की अपहरणकर्ताओं ने हत्या कर दी

नाइजीरिया के उत्तरी ज़मफ़ारा राज्य के गांव से अपहरण किए गए लगभग 38 लोगों की अपहरणकर्ताओं ने हत्या कर दी, जबकि उनकी रिहाई के लिए फिरौती का भुगतान किया गया था। स्थानीय सरकार के अध्यक्ष मन्नीरु हैदरा कौर ने बताया कि मारे गए अधिकांश लोग युवा थे। मार्च में कौरन नमोदा क्षेत्र के गांव से 56 लोगों का अपहरण किया गया था। बंदूकधारियों ने प्रत्‍येक बंधक के लिए 10 लाख नायरा की फिरौती की मांग की थी।

    शनिवार को फिरौती की राशि चुकाए जाने के बाद 18 लोगों को रिहा किया गया, जिनमें 17 महिलाएं और एक लड़का शामिल हैं। रिहा किए गए 16 लोगों का इलाज चल रहा है, जबकि 38 मारे गए लोगों के शव मिलने की कोई संभावना नहीं है।

    पिछले कुछ वर्षों में इस क्षेत्र में आपराधिक गिरोहों ने धन जुटाने के लिए अपहरण को तरीका बना लिया है। बढ़ते अपहरण उद्योग पर लगाम लगाने में वर्ष 2022 में कानून पारित किया गया था, जिसके अंतर्गत फिरौती का भुगतान करना अपराध माना गया है और इसके लिए कम से कम 15 वर्ष की सजा का प्रावधान है। हालांकि, इस कानून के अंतर्गत अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।