नवम्बर 17, 2024 8:41 अपराह्न

printer

नाइजीरिया की अर्थव्‍यवस्‍था में भारतवंशियों का योगदान महत्‍वपूर्ण रहा है- प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि नाइजीरिया की अर्थव्‍यवस्‍था में भारतवंशियों का योगदान महत्‍वपूर्ण रहा है। आज नाइजीरिया में अबूजा में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि नाइजीरिया में रह रहे प्रत्‍येक भारतवंशी ने भारत को गर्व करने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय कंपनियां नाइजीरिया की अर्थव्‍यवस्‍था को मजबूत कर रही है।

    श्री मोदी ने कहा कि भारतीयों ने नाइजीरिया में योग को लोकप्रिय बनाया है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि नाइजीरिया में हिन्‍दी भाषा को लोकप्रिय बनाने में भारतीय समुदाय के प्रयासों के कारण अब नाइजीरियाई छात्र हिन्‍दी सीख रहे हैं।

    श्री मोदी ने नाइजीरिया का राष्‍ट्रीय पुरस्‍कार उन्‍हें प्रदान करने के लिए नाइजीरिया के राष्‍ट्रपति बोला अहमद टीनुबू को धन्‍यवाद दिया। 

    प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत का रक्षा निर्यात लगभग तीस गुना बढ़ गया है। उन्‍होंने कहा कि अब भारत सौ से अधिक देशों को रक्षा उपकरणों का निर्यात करता है।