नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने आज दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच में कई उच्चस्तरीय बैठकें की। इन बैठकों में ऊर्जा मंत्री ने न्यायसंगत, किफायती और समावेशी वैश्विक ऊर्जा परिवर्तन को गति देने में भारत के नेतृत्व का उल्लेख किया। श्री जोशी ने विश्व आर्थिक मंच के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी बोर्गे ब्रेंडे तथा रेल और सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ चर्चा की। इस दौरान साझा आर्थिक और विकासात्मक चुनौतियों से निपटने में वैश्विक सहयोग के महत्व, वैश्विक सहमति बनाने में विश्व आर्थिक मंच जैसे बहुपक्षीय मंचों की भूमिका पर चर्चा हुई। ऊर्जा और विकास क्षेत्रों सहित सतत, लचीले तथा समावेशी विकास को आगे बढ़ाने के लिए सरकारों, उद्योगजगत और हितधारकों के बीच निरंतर संवाद की आवश्यकता पर बल दिया गया।
एक गोलमेज चर्चा के दौरान श्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण से प्रेरित भारत का स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन दर्शाता है कि तीव्र विकास, वहनीयता और स्थिरता एक साथ आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने छतों पर सौर ऊर्जा अपनाने के लिए पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और सौर ऊर्जा संचालित कृषि के लिए पीएम-कुसुम जैसी प्रमुख पहलों के बारे में बताया। इससे घरों और किसानों तक स्वच्छ ऊर्जा पहुंचीं हैं और लागत में कमी आई है।