दिसम्बर 25, 2025 9:21 अपराह्न

printer

नक्‍सली नेता को ओडिशा में संयुक्त सुरक्षा अभियान के दौरान मुठभेड़ में मार गिराया गया

एक करोड़ दस लाख रुपये के इनाम वाले एक शीर्ष नक्‍सली नेता को ओडिशा में आज सुबह एक संयुक्त सुरक्षा अभियान के दौरान मुठभेड़ में मार गिराया गया। इस नक्‍सली की पहचान गणेश उइके के रूप में हुई है। वह केंद्रीय समिति के सदस्य और प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) का ओडिशा प्रभारी था।  देश के विभिन्न राज्यों में हुए कई बड़े नक्‍सली हमलों में वह संलिप्‍त था।

ओडिशा पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ कंधमाल जिले के चाकपद पुलिस थाना क्षेत्र और कंधमाल-गंजम सीमा पर स्थित रम्भा वन क्षेत्र में हुई। यह अभियान विशेष खुफिया शाखा को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू किया गया था। मुठभेड़ में पांच अन्य नक्‍सली भी मारे गए। अन्य नक्‍सलियों की मौजूदगी की संभावना को खत्म करने के लिए आसपास के वन क्षेत्रों में तलाश और छानबीन अभियान जारी है। मुठभेड़ के बाद ओडिशा पुलिस के महानिदेशक वाईबी खुरानिया ने कहा कि ओडिशा पुलिस ने अगले साल मार्च तक राज्य में सभी नक्‍सली गतिविधियों को समाप्त करने का लक्ष्य रखा है।