संस्कृति मंत्रालय और अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ संयुक्त रूप से 24 जनवरी को नई दिल्ली में दूसरे वैश्विक बौद्ध शिखर सम्मेलन का आयोजन करेंगे। शिखर सम्मेलन का विषय सामूहिक ज्ञान, एकजुट आवाज और पारस्परिक सह-अस्तित्व होगा। मंत्रालय ने बताया कि इस विषय का उद्देश्य सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने और रचनात्मक अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को प्रोत्साहित करने में बौद्ध दर्शन की प्रासंगिकता को बढ़ाना है।
मंत्रालय ने यह भी बताया कि दो दिन के इस कार्यक्रम में विश्व भर से लगभग 200 प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिसमें सर्वोच्च धर्मगुरु, राष्ट्रीय बौद्ध संघों के प्रमुख, प्रख्यात भिक्षु, विद्वान और वरिष्ठ गणमान्य व्यक्ति शामिल हैं। सम्मेलन में इस बात पर चिंतन होगा कि बुद्ध धम्म के मूलभूत मूल्य तकनीकी प्रगति के युग में नैतिक नेतृत्व, सामाजिक सद्भाव और सतत जीवन को कैसे प्रेरित कर सकते हैं।