गृह मंत्रालय आज नई दिल्ली में लद्दाख की मांगो को लेकर वार्ता का एक नया दौर आयोजित करेगा। यह वार्ता लद्दाख के नेताओं द्वारा पिछले वर्ष नवंबर में मंत्रालय को सौपे गए मसौदा प्रस्ताव पर चर्चा के लिए बुलाई गई है। वार्ता में लद्दाख की सांसद हनीफा जान, कारगिल हिल काउंसिल के मुख्य कार्यकारी पार्षद डॉ. मोहम्मद जाफर अखून और पूर्व लोकसभा सांसद थुप्स्टन छेवांग के नेतृत्व में 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भाग लेगा।
प्रतिनिधिमंडल में लेह शीर्ष निकाय, और केडीए कारगिल से सात-सात प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह पिछले वर्ष 22 अक्टूबर को हुई वार्ता की पहली अनुवर्ती बैठक होगी, जिसमें दोनों पक्षों ने वार्ता के अगले दौर से पहले संरचित मांग के हिस्से के रूप में गृह मंत्रालय को एक मसौदा प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्णय लिया था।
लद्दाख के मुद्दों और मांग पर सरकार गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय की अध्यक्षता में उच्चाधिकार समिति के माध्यम से प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर रहा है। गृह मंत्रालय को सौंपे गए 29 पन्नों के मसौदा प्रस्ताव की प्रमुख मांगें राज्य का दर्जा, छठी अनुसूची और पिछले वर्ष 24 सितंबर की हिंसा में सभी लोगों की माफी शामिल हैं।